नगर आयुक्त ने किया सीवर लाइन बिछाए जाने के कार्य का स्थलीय निरीक्षण

मथुरा। मथुरा वृंदावन क्षेत्र में सीवर लाइन डालने के दौरान गड़बड़ी की शिकायत मिलने को लेकर नगर आयुक्त ने आज वार्ड संख्या 54 स्थित कच्ची सड़क क्षेत्र में स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निगम और निगम के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त आदेश दिए।

गुरुवार को बिना किसी को बताये नगर आयुक्त अनुनय झा वार्ड सं0-54 गऊघाट स्थित कच्ची सडक क्षेत्र में जलनिगम द्वारा सीवर लाइन बिछाये जाने के कार्य का निरीक्षण करने जा पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता के परीक्षण हेतु नगर आयुक्त श्री झा द्वारा नवनिर्मित सीवर लाइन के चैम्बरों को खुलवाकर देखा गया। उन्होंने कार्य को निर्धारित समयावधि अर्न्तगत पूर्ण कराने तथा गुणवत्ता बनाये रखने हेतु सम्बन्धित ठेकेदार एवं कार्यदायी संस्था उ.प्र. जलनिगम के अधिकारियों को आदेशित किया ।

इसके अलावा उन्होंने उक्त क्षेत्र की सफाई व्यवस्था सुदृढ किये जाने एवं नियमित रूप से क्षेत्र में फॉिंगंग एवं एंटीलार्वा का छिडकाव कराये जाने हेतु क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए । निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती मीरा मित्तल महाप्रबन्धक जल विजय नारायण मौर्य क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी एस.एस. यादव सहायक अभियंता जलकल नंदकिशोर सहायक अभियंता निर्माण राजकुमार सहायक अभियंता जलनिगम के.पी. सिंह अवर अभियंता मुनिदेव आदि उपस्थित रहे।