अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पति पत्नी की मौत

मथुरा। भरतपुर मार्ग स्थित मगोर्रा क्षेत्र के मघेरा नाले के समीप देर सांय अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पति-पत्नी और एक अन्य महिला को रौंद दिया। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। पुलिस ने मृतको के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है जबकि महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक तेज सिंह सेना में तैनात है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम भरतपुर चिकसाना थाना क्षेत्र के गांव इकरन निवासी तेज सिंह पुत्र ओमी अपनी पत्नी अनीता और एक महिला रजनी के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदारी में जा रहा था। तभी मघेरा नाले के समीप किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान पहले महिला अनीता की मौत हो गई। उसके बाद देर रात तेज सिंह ने भी दम तोड़ दिया। जबकि उनकी साथी महिला रजनी की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पहुची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।