होशियार सिंह
मांट (बाजना)। जमीन की पैमाइश के नाम पर किसान से रिश्वत लेते लेखपाल का वीडियो वायरल होने के मामले में शनिवार को एसडीएम मांट ने आरोपित लेखपाल को निलंबित कर दिया। नौहझील के गांव आजनौठ निवासी किसान यतेन्द्र का आरोप था कि लेखपाल रतन सिंह ने जमीन के पैमाइश के लिए पैसे की मांग की थी। जिसमें लेखपाल को दो हजार रुपए दे दिए थे लेकिन लेखपाल ने पैमाइश नहीं की और इसके एवज में और पैसों की डिमांड की थी जिसमें लेखपाल को इस काम के लिए दोबारा पंद्रह रूपए दिए थे।
इस दौरान लेखपाल को रुपये देने का वीडियो बना लिया था। इसके बाद भी पैमाइश न करने पर किसान ने लेखपाल का रिश्वत लेते वीडियो वायरल कर दिया था। एसडीएम मांट रामदत्त राम ने बताया कि लेखपाल रतन सिंह का रिश्वत लेते वायरल हो रहा वीडियो संज्ञान में आया था। जिसकी जांच के दौरान दोषी मिलने पर लेखपाल को निलंबित कर दिया है।