शाबास मथुरा पुलिस: एक करोड़ 5 लाख की लूट में 89 लाख रू. से अधिक की धनराशि बरामद, 11 गिरफ्तार

गिरोह के सरगना एक लाख के ईनामी को मुठभेंड़ में लगी गोली

मथुरा। बीते माह 16 अगस्त को बुलियन कारोबारी से 1 करोड़ 5 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल कर ली है। फरार चल रहे गिरोह के सरगना अरविन्द सहित चार लोगों का पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 44 लाख 44 हजार 5 सौ रूपये बरामद हुये है। इस प्रकार कुल रकम में से 89 लाख 30 हजार बरमाद हो गये है। ज्ञात रहे कि 26 अगस्त को गिरफ्तार किये गये बदमाशों से 44 लाख 86 हजार रूपये बरामद किये थे। इस मामले में अब तक 11 बदमाशों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता के मूताबिक 16 अगस्त को राजू रद्दी के रिश्तेदार अंकित बसंल से चार अज्ञात बदमाश स्टेट बैंक चौराहा पर बैंक में धनराशि जमा करने जाते समय 1 करोड़ 5 लाख रूपये से भरा बैग तमंचा दिखाकर लूट कर फरार हो गये थे। दुस्साहासिक इस वारदात से पुलिस विभाग एकदम सन्न पड़ गया। घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने घटना का राजफाश करने में रात दिन एक करते हुए दर्जनों अधिकारियों, कोतवाल, दरोगाओं की टीम लगा दी जिसके चलते पहली सफलता घटना के दस दिन बाद ही पुलिस को मिल गई। उस समय पुलिस ने तीन मुख्य बदमाशों सहित सात लोगों को 44 लाख 86 हजार रूपये सहित गिरफ्तार कर पीड़ित व्यापारी के कुछ आंसू पौंछ दिये। उस समय लोगों ने बरामद धनराशि पर सवाल उठाते हुए आपत्ति जताई थी जिस पर आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आश्वस्त किया था कि गिरोह का सरगना अरविन्द जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा और बकाया धनराशि बरामद की जायेगी।

जिला अस्पताल में भर्ती शातिर लुटेरा अरविन्द उर्फ़ माया।


बीती रात्रि कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सरगना अरविन्द उर्फ माया जाट पुत्र डम्बर सिंह निवासी विनोवा नगर सादाबाद रकम का बंटवारा करने के लिये अपने साथियों के साथ माल गोदाम रोड पर मौजूद है। भारी संख्या मं पुलिस ने वहां पहुंचकर बदमशों को ललकारा परंतु उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस कर्मियों की अधिक संख्या और ताबड़ तोड़ फायरिंग में बदमाशों के पैर उखड गये। इस बीच अरविन्द्र को भागने के दौरान पुलिस ने गोली मार दी। मौके से अरविन्द के अलावा उसका भाई अरूण कुमार, विनय, नरेश को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से बरामद बैग में 44 लाख 44 हजार 500 रूपये मिले है। घायल बदमाश का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार बदमाश अरविन्द पर विभिन्न जनपदों में 19 मुकद्मे, विनय पर 13 मुकद्मे, अरूण पर 6, नरेश पर 2 मुकद्मे चल रहे है।

घटना के साहसिक खुलासे पर एसएसपी सहित पुलिस के अन्य अधिकारियों ने चैन सांस ली है। पुलिस ने अरविन्द की गिरफ्तारी पर एक लाख रूपये का इनाम घोषित कर रखा था।