मथुरा के नरेन्द्र भारद्वाज बने आईजेयू के राष्ट्रीय सचिव , पत्रकारों में खुशी की लहर
विजयवाड़ा में आयोजित 11वीं प्लेनरी बैठक में मिली बड़ी जिम्मेदारी, 27 राज्यों के पत्रकार हुए शामिल
मथुरा । इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन (आईजेयू) की आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित 3 दिवसीय 11वीं प्लेनरी बैठक में मथुरा के वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र भारद्वाज को राष्ट्रीय सचिव के महत्वपूर्ण पद पर निर्वाचित किया गया है। इस उपलब्धि से प्रदेश व मथुरा जनपद के पत्रकारों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
प्लेनरी सत्र का उद्घाटन आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने किया। इस दौरान देशभर के 27 राज्यों से जुड़े पत्रकारों ने सम्मेलन में भाग लिया। चुनाव अधिकारी वरिष्ठ पत्रकार एम.ए. मजीद ने चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए नई केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।
नरेन्द्र भारद्वाज के राष्ट्रीय सचिव चुने जाने पर स्थानीय पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि वह हमेशा पत्रकार हितों की लड़ाई में अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के साथ-साथ संगठन को सशक्त बनाने और पत्रकारों को एकजुट रखने में अहम भूमिका निभाई है। प्रदेश अध्यक्ष रमेश शंकर पांडेय ने कहा कि भारद्वाज के इस पद पर निर्वाचित होने से प्रदेश और मथुरा के पत्रकारों को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त प्रतिनिधित्व मिलेगा। इसे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सम्मेलन में शाहजहांपुर से रविन्द्र सिंह, मथुरा से जिला महासचिव रमेश चंद, वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा, मोहन मीना, बी.एल. पांडेय एवं आबिद सहित कई पत्रकारों ने भाग लिया।