कृष्णा नगर में नाले पर बनी पुलिस चौकी सहित सभी अतिक्रमण हटेंगे, व्यापारियों की शंकाओ का किया समाधान

विकास प्राधिकरण से स्वीकृत नक्शा होगा तो नाले के समीप के निर्माण पर नहीं होगी कार्यवाही
मथुरा। शहर के कृष्णा नगर मार्केट के सौन्दर्यीकरण को लेकर कृष्णा नगर व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के सुझाव एवं शिकायत के निस्तारण पर नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों के साथ कलैक्ट्रेट सभागार में बैठक की गयी।
बैठक में कृष्णा नगर व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों द्वारा कृष्णा नगर रोड के साइड लोक निर्माण विभाग द्वारा की गयी मार्किंग के बारे में पूछे जाने पर नगर आयुक्त ने अवगत कराया गया कि कृष्णा नगर रोड पर कितना डिवाइडर बनाना है, कितना नाला रखना है, कितना फुटपाथ बनाना चाहिये, मौके पर कितना रोड है के आकलन हेतु मार्किंग की गयी है।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया गया कि केवल नाले के ऊपर किये गये अतिक्रमण को हटाया जायेगा, इसके लिये सभी दुकानदार नाले के ऊपर किये गये अतिक्रमण को स्वयं हटा लें अथवा नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाये जाने पर नगर निगम को सहयोग प्रदान करें। नाले के ऊपर निर्मित कृष्णा नगर पुलिस चौकी को भी हटाया जायेगा।इसके अलावा सड़क पर झूल रहे इंटरनेट की केबिल, हाईमास्ट आदि के तार को अण्डरग्राउण्ड किये जाने हेतु डक्ट का निर्माण कराया जायेगा, जिसका डिजाइन तैयार किया जा रहा है।
कृष्णा नगर रोड की दुकान/प्रतिष्ठानों पर साईनेज बोर्ड/डिस्प्ले बोर्ड में एकरूपता रखते हुये बोर्ड लगाये जाये। इसके लिए व्यापारी सहयोग करे।
कृष्णा नगर रोड पर स्ट्रीट बैडर्स एवं पार्किंग हेतु स्थल का चयन कर लिया गया है।
बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया गया कि जिन भवन स्वामी एवं प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण से स्वीकृत नक्शे के उपरान्त भवन/प्रतिष्ठान का निर्माण नाले के समीप कराया गया है, उन सभी भवन/प्रतिष्ठानों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ नही की जायेगी।
उक्त सभी बिन्दुओं पर कृष्णा नगर व्यापार मण्डल के सभी पदाधिकारियों द्वारा अपनी सहमति व्यक्त करते हुये नगर आयुक्त अनुनय झा का आभार व्यक्त किया गया साथ ही अवगत कराया गया कि कृष्णा नगर व्यापार मण्डल द्वारा सौन्दर्यीकरण कार्य में पूर्णरूपेण सहयोग प्रदान किया जायेगा।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार सहायक नगर आयुक्त नगर निगम मथुरा-वृन्दावन राज कुमार मित्तल मनोज कुमार सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग श्रीमती ऋचा कौशिक टाउन प्लानर विकास प्राधिकरण, कृष्णा नगर व्यापार मण्डल से श्री विपिन सिंघल पवन गौतम अजय अरोड़ा प्रदीप अरोडा प्रकाश अग्रवाल जितेन्द्र प्रजापति जगत बहादुर अग्रवाल चन्दन आहूजा चन्द्रमोहन डा. विक्रम कुमार लोकेश शर्मा दीपक शर्मा शुभेन्द्र वशिष्ठ नगर अध्यक्ष गणेश अग्रवाल डॉ विपिन कुमार डॉ राकेश मेहता दीपक शर्मा आदि उपस्थित रहे।