मथुरा। वृंदावन नगर में तेजी से हो रहे अवैध निर्माण की शिकायत पर विकास प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को अंजाम दिया है। प्राधिकरण सचिव आरके सिंह ने कहा कि लोग नोटिस मिलने के बावजूद ना तो नक्शा पास कराते और ना ही निर्माण को रोकते इसलिए अब प्राधिकरण अवैध निर्माण किसी भी सूरत में नहीं होने देगा। ध्वस्तीकरण अभियान की कार्रवाई वृंदावन में निरंतर चलेगी। डिप्टी कलेक्टर आदित्य कुमार प्रजापति के नेतृत्व में मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने नगर के वीआईपी मार्ग स्थित स्वामी गोकुलानंद श्री शांति हरि मंदिर द्वारा 200 गज के प्लॉट पर अवैध ढंग से बनाए गए कमरे और कॉलम स्लैब जेसीबी से तोड़ दिए गए। बताया जाता है नोटिस के बावजूद यहां रात में निर्माण कार्य जारी था।
इसी प्रकार अष्टसखी मंदिर के निकट मोर मुकुट गोस्वामी ने बिना नक्शा मंजूर कराए दो दुकानों का निर्माण कर लिया था जिसे जेसीबी ने ढहा दिया। यह दोनों निर्माण मदन मोहन मंदिर पुरातत्व विभाग के निषिद्ध क्षेत्र अंतर्गत आते हैं इनके अलावा राधा दामोदर मंदिर के निकट ममता शर्मा द्वारा ढाई सौ गज के प्लॉट पर 12 कमरे झीना आदि का निर्माण किया गया था इसको भी ध्वस्त किया गया है। अवैध निर्माण हटाने के दौरान एकत्रित हुई भीड़ को स्थानीय पुलिस ने मौके से हटाया। वृंदावन के अवर अभियंता अशोक चौधरी ने बताया कि तीनों अवैध निर्माण कर्ताओं को कई माह से निरंतर नोटिस देकर चेतावनी दी जा रही थी उसके बावजूद इन लोगों के द्वारा निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो आज ध्वस्तीकरण की कार्यवाही को अमल में लाया गया।
टीम में सहायक अभियंता राजीव माहेश्वरी अवर अभियंता सुनील कुमार शर्मा इं मनीष तिवारी इं दिनेश गुप्ता इं अशोक चौधरी पुरातत्व विभाग के सर्किल इंचार्ज सतीश कुमार थाना कोतवाली वृंदावन के पुलिस बल तथा प्राधिकरण प्रवर्तन दल मौजूद रहा।