नगर निगम ने साढ़े 4 अरब से अधिक का बजट किया पेश, चंपा अग्रवाल बाल मंदिर सहित लीज की कई जमीनों का किया नवीनीकरण, वकीलों का बढ़ाया मानदेय

मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने शहर के चंपा अग्रवाल बाल मंदिर और श्री अग्रवाल शिक्षा मंडल मथुरा को लीज पर दी गई जमीन का आगामी 30 वर्ष के लिए नवीनीकरण कर दिया है । इसके अलावा वार्ड संख्या 28 के राधिका धाम आदि क्षेत्रों को गोकुल बैराज से पेयजल सप्लाई किए जाने की योजना में शामिल किया गया है। वही निगम ने जिला न्यायालय दीवानी में सिविल वादों की पैरवी के लिए कार्यरत 2 अधिवक्ताओं का मानदेय बढ़ा दिया है। इसके अलावा डैंपियर नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर को लीज पर दी गई भूमि के किराए में 50% की वृद्धि की गई है। इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम का बजट 4 अरब 79 करोड़ दो लाख 29 हजार 368 रुपए रखा गया है जिसमें करीब 4 अरब 78 करो 96 लाख 31 हजार 900 रु व्यय होने का अनुमान है। ये निर्णय सोमवार को नगर निगम मथुरा-वृन्दावन की कार्यकारिणी समिति की बैठक में महपौर डा. मुकेश आर्य बन्धु की अध्यक्षता में लिए गए।
बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों के बारे में नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि डैंपियर नगर स्थित चम्पा अग्रवाल बाल मंदिर की लीज 30 सितम्बर 18 को समाप्त हो गई थी जिसे 01 अक्टू 18 से आगामी 30 वर्ष के लिये किराया रू. 600/- प्रतिवर्ष के दर पर नवीनीकरण किया गया। इसी तरह श्री अग्रवाल शिक्षा मण्डल मथुरा को लीज पर दी गयी भूमि का नवीनीकरण आगामी 30 वर्ष हेतु 01 अप्रैल 2019 से 10,500/-प्रति वर्ष किराये पर किया गया। इसके अलावा जुबली पार्क स्थित सरस्वती शिशु मंदिर को तत्कालीन पालिका बोर्ड द्वारा 20500 वर्गफीट भूमि रू. 100/-वार्षिक किराये पर 30 वर्ष हेतु 24 अगस्त 2002 को दी गयी थी। उक्त वार्षिक किराये में 50 प्रतिशत की वृद्धि किये जाने की स्वीकृति सम्मति से की गयी। जिला न्यायालय दीवानी में सिविल वादों में पैरवी करने हेतु कार्यरत दो अधिवक्ता का मानदेय 10 हजार प्रतिमाह से बढ़ाकर 18 हजार रु प्रतिमाह किया गया है।
वार्ड सं. 28 के राधिका धाम, पातीराम कालोनी, सौंख रोड, पदमपुरी, हनुमान नगर, कृष्ण कुंज, किशोर कुंज, बौहरे नगर, विष्णुपुरी, सुखदेव नगर, नवनीत नगर तथा बाग काजियान क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति हेतु प्रश्नगत क्षेत्र को गोकुल वैराज पार्ट-1 एवं पार्ट-2 में शामिल किये जाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
उन्होंने बताया पूर्व बैठक में सांसद श्रीमती हेमा मालिनी के प्रस्ताव केन्द्रीय विद्यालय हेतु मौजा राजपुर बांगर में 10880 वर्ग मीटर भूमि स्वीकृत की गयी थी। उक्त प्रस्ताव को निरस्त करते हुये अब मौजा जैंत में 8100 वर्गमीटर भूमि केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु आरक्षित की गयी है । गौ समाधि एवं साधू समाधि हेतु ग्राम सुनरख खादर में 12153 वर्गमीटर भूमि को रिजर्व घोषित किया है।
बैठक में लेखाधिकारी डा. गीता कुमारी द्वारा कार्यकारिणी के समक्ष बजट प्रस्तुत करते हुये बताया गया कि नगर निगम मथुरा-वृन्दावन का पुनरीक्षित बजट वित्तीय वर्ष 2022-23 में कुल प्राप्तियां धनराशि 4,79,02,29,368/- (चार अरब उन्यासी करोड दो लाख उनतीस हजार तीन सौ अढसठ मात्र) एवं व्यय अनुमान धनराशि रू0 4,78,96,31,900/- (चार अरब अठेत्तर करोड छियानवे लाख इकत्तीस हजार नौ सौ मात्र) तथा अवशेष अनुमान रू0 5,97,468/- (पांच लाख सत्तानवे हजार चार सौ अढसठ मात्र) है। बजट को विस्तृत चर्चा के उपरान्त सर्व सम्मति से स्वीकार किया गया। बैठक के दौरान 27 दिसंबर 2021 को सम्पन्न कार्यकारिणी की बैठक की सम्पुष्टि की गयी।
बैठक में समिति के उपसभापति राधाकृष्ण पाठक पार्षद राजवीर चौधरी तिलकवीर चौधरी सूरज तौमर राजेश सिंह दीपक गोला गोविन्द चन्दन आहूजा रसिकवल्लभ नागार्च श्रीमती श्वेता शर्मा श्रीमती नीलम गोयल श्रीमती रजनी देवी तथा नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल डी के सिंह लवकुश आदि अधिकारी उपस्थित रहे।