मथुरा में हाईवे पर चलती कार पर गिरा बजनी गार्डर, व्यापारी पिता पुत्र बाल बाल बचे

मथुरा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाजना-अलवर रेलवे पुल के पास लोहे का एक बजनी गार्डर सड़क से गुजरती एक कार पर जा गिरा जिससे उसमें सवार व्यापारी पिता पुत्र बाल बाल बचे हैं । कार में प्रसिद्ध फर्म जुगल किशोर नवल किशोर के परिजन दिनेश अग्रवाल और उनका पुत्र राघव सवार थे । उन्होंने पुलिस को इस संबंध में रेलवे की लापरवाही को लेकर लिखित में तहरीर दी है।

गुरुवार को राधा वैली कॉलोनी स्थित आवास से दिनेश अग्रवाल अपने पुत्र राघव के साथ कार द्वारा दुकान पर जा रहे थे। राधव कार चला रहा था जैसे ही वह बसेरा होटल से आगे बाजना अलवर रेलवे पुल के पास पहुंचे ही थे कि अचानक ऊपर से बजनी गार्डर कार पर आ गिरा। किस्मत अच्छी थी कि गार्डर कार के पिछले हिस्से को ही अपनी चपेट में ले पाया जिससे दोनों पिता-पुत्र बाल-बाल बच गए। दुर्घटना होते ही वहां काफी संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई। दोनों तरफ का यातायात रुक गया। पीड़ित दिनेश अग्रवाल ने बताया कि यह उनका और बेटे का दूसरा जन्म है । उन्होंने कहा पलक झपकते ही हुए इस हादसे की कल्पना से उनके होश फाख्ता हो गए हैं। घटना के पश्चात क्रेन द्वारा गार्डर एक तरफ किया गया तब कहीं जाकर यातायात चालू हो सका। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आक्रोशित लोगो को शांत किया।