मथुरा, (राजपथ मथुरा ब्यूरो)। ब्रज में रविवार को गंगा दशहरा धूमधाम से मनाया जाएगा। गंगा दशहरा के पर्व इस बार आसमान में पीएम मोदी और सीएम योगी की लगी तस्वीरों के साथ रंग-बिरंगी पतंगें उड़ती नजर आएंगी। वहीं अखिलेश यादव, सोनिया गांधी पर भी पतंगबाजों की नजर रहेगी। मायावती, अरविंद केजरीवाल भी पतंगों के पेंच लड़ाते नजर आएंगे। पतंगों पर छपी राजनेताओं की तस्वीर लोगों को खूब भा रही है। बाजारों में जमकर इनकी खरीदारी हो रही है।
शहर के वृंदावन रोड स्थित जयसिंहपुरा इलाके में रहने वाले स्व. रियाज अली का परिवार चार पीढिय़ों से पतंगें बनाने का काम करता आ रहा है। मथुरा से बनी हुई रंग-बिरंगी पतंग आसपास के जिलों के साथ देश के कई राज्यों में सप्लाई की जाती है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात तक मथुरा से बनी हुई पतंगें जाती हैं। वहीं इस बार लोगों की डिमांड है कि पतंगें कुछ नए रूप में लाई जाएं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनेताओं की छपी हुई तस्वीर वाली पतंगें लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। प्रदेश में गंगा दशहरा, दिल्ली में 15 अगस्त और लखनऊ में मकर संक्रांति के मौके पर रंग-बिरंगी पतंग आसमान में उड़ाई जाती हैं।
इस बार बाजार में राजनेताओं की छपी हुई पतंग की बिक्री जोरों पर है। पतंग लोगों को खूब पसंद आ रही है। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बीएसपी सुप्रीमो मायावती, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की फोटो लगी पतंग आसमान में उड़ेगी।