नगर आयुक्त को औचक निरीक्षण में मिली समुचित व्यवस्थाएं
मथुरा। मथुरा वृंदावन नगरीय क्षेत्र की साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने का क्रम नगर आयुक्त और मेयर का निरंतर जारी है । शनिवार को मथुरा वृंदावन के नगर आयुक्त अनुनय झा ने शहर के कृष्ण नगर नाले की युद्ध स्तर पर चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण करते हुए कार्य को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने कल दशहरा पर्व को देखते हुए बंगाली घाट से लेकर विश्राम घाट तक की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ महापौर डॉ मुकेश आर्य बंधु भी मौजूद रहे। बंगाली घाट पर नगर आयुक्त ने नमामि गंगे की टीम को निर्देश दिए कि यमुना जी में बह रहे कचरे को नाव में सवार होकर तत्काल बाहर निकालते रहें। यमुना जी से निकला फ्लोटिंग मटेरियल किसी भी सूरत में घाट पर नहीं रहना चाहिए। क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी एसएस यादव ने जानकारी दी कि बीते 3 दिन से लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीम समूचे यमुना घाट पर रात दिन सफाई व्यवस्था में जुटी हुई है। यमुना जी में जल प्रवाह बढ़ने से भी साफ सफाई प्रदर्शित हो रही है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य निरीक्षक केके सिंह अवर अभियंता पवन कुमार मुनि देव आदि अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।