सतीश कुमार
मथुरा। छेड़छाड़ की पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए गई महिला कांस्टेबल के साथ अधिवक्ताओं की ड्रेस पहने दो युवकों द्वारा दुर्व्यवहार करने का मामला प्रकाश में आया है। महिला कांस्टेबल ने अपने साथ हुई घटना से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अवगत कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। महिला कांस्टेबल ने अभद्र्ता कर रहे दोनों युवकों की अपने फोन से वीडियो भी बनाई है।
आज लगभग 11 बजे थाना हाईवे से महिला कांस्टेबल रोहणी दांगी छेड़छाड़ की घटना की शिकार चान्द्नी नामक युवती के 164 के बयान कराने के लिये अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के लिए लाई थी। युवती को कांस्टेबल अपने साथ लेकर न्यायालय परिसर के बाहर खड़ी हो गई इस बीच दो युवक महिला कांस्टेबल के पास आकर खड़े हो गए। दोनों ने काली पेन्ट और सफेद शर्ट पहनी हुई थी। देखने में वह दोनों अधिवक्ता दिखाई दे रहे थे।
महिला कांस्टेबल का आरोप है कि दोनों युवक जो वकील की भेषभूषा में दिखाई दे रहे थे ने मुझसे कहा कि इस मामले के केस को वह उन्हे दिलवा दे। महिला कांस्टेबल ने उन दोनों को यह कहकर मना कर दिया कि वह उसके बयान दर्ज कराने के लिए उसे अपने साथ लेकर आई है। मुकद्दमें में कौन वकील होगा किसे करना है इस बात से उसका कोई मतलब नही है। पीड़ित से वह अलग ले जाकर बात करने की कहने लगे तो महिला कांस्टेबल ने इसका विरोध किया। आरक्षी महिला और उन युवकों में काफी कहा सुनी हो गई। महिला आरक्षी का आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके साथ बहुत दुर्व्यवहार किया है वह बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी इन वकीलों की शिकायत करेंगी। कांस्टेबल ने अपने साथ हुई घटना से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रौवर को अवगत करा दिया है।