अलीगढ़ में कावंड़ियों के स्वागत के लिए नगर निगम ने बनवाये विश्राम स्थल

अलीगढ़। सावन माह में आयोजित होने वाली पावन कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम अलीगढ़ पूरी तरह से सजग और तैयारियों में जुटा हुआ है। आस्था और श्रद्धा की प्रतीक यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कांवड़ यात्रा के प्रस्तावित रूट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम इस बार कावंड़ियों की सेवा और सुविधा में कोई कमी नहीं छोड़ेगा।
शुक्रवार दोपहर नगर आयुक्त ने अधीनस्थों को साथ लेकर पीएसी, रामघाट रोड, ख़ैर बाईपास, खेरेश्वर धाम रोड का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने यात्रा मार्ग को पूरी तरह गड्ढा मुक्त जल भराव व धूल रहित और स्वच्छ बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कावंड़ियों को नगर सीमा में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए प्रत्येक विभागीय अधिकारी को ज़िम्मेदार बनाया गया है। विशेष रूप से सोमवार के दिन जब कावंड़ियों की संख्या अधिक होती है, नगर निगम की टीम हर मंदिर और प्रमुख मार्ग पर मौजूद रहेगी।

नगर आयुक्त ने बताया कि बारिश के कारण किसी भी आपात स्थिति व भारी बारिश की संभावना व कांवड़ यात्रा के रुट डायवर्जन को देखते हुए जल निकासी के लिए अतिरिक्त सीवर सकिंग मशीने व बड़े मोबाइल पंप के साथ नगर निगम की 8 टीमें मुस्तैद रहेंगी। कांवड़ यात्रियों के ठहराव और विश्राम के लिए नगर निगम पहली दफ़ा 5 स्थानों पर विश्राम स्थलों का निर्माण करा रहा है जिनमें शीतल पेयजल, लाइटिंग, टेंट, बैठने की सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
नगर आयुक्त ने इस वर्ष कांवड़ यात्रा के विशेष महत्व को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है कि प्रत्येक सोमवार को नगर निगम का विशेष स्वच्छता अभियान सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास चलाया जाएगा। विशेष तौर पर शिव मंदिर, कांवड़ मार्ग के समीप के मंदिर व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल इस अभियान में सम्मिलित रहेंगे। यह अभियान सुबह 6 बजे से शुरू होकर दोपहर तक चलेगा। इसमें सफाईकर्मी, सुपरवाइज़र, स्वास्थ्य विभाग, जलकल और प्रकाश व्यवस्था विभाग की संयुक्त टीम हिस्सा लेगी। इस दौरान मंदिरों के परिसर में फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव, शौचालयों की सफाई और पेयजल की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव महाप्रबंधक जल डॉ पीके सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुकेश कुमार, पशु कल्याण अधिकारी डॉ राजेश वर्मा, सहायक अभियंता पुष्पेंद्र सिंह राजवीर सिंह, देशदीपक अहसान रब आदि मौजूद रहे ।