द ब्रज फाउंडेशन शुरू करेगी तीर्थयात्री सर्वेक्षण अभियान
वृंदावन, (राजपथ ब्यूरो/पुनीत शुक्ला) द ब्रज फाउंडेशन के अध्यक्ष विनीत नारायण ने कहा है कि मथुरा, गोवर्धन, बरसाना आने वाले तीर्थ यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यहां पर हर जगह ट्रैफिक जाम व गंदगी के अंबार लगे हैं और यातायात की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। मथुरा के विकास के लिए जिस तरह से उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद काम कर रही है उनके द्वारा यहां की बुनियादी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने यहां तक कहा कि इस परिषद का गठन ब्रज के रसिके संतों जिसमे ब्रज की महान विभूतियों जैसे स्वामी हरिदास जी, स्वामी हित हरिवंश जी, स्वामी हरिराम व्यास जी, चैतन्य महाप्रभु जी जैसी महान विभूतियों और संतों की उपेक्षा करके ब्रज के बाहर से आए एक हठयोगी देवरहा बाबा के नाम पर करोड़ों रुपए का घाट पुल और गौशाला बनाने के लिए हुआ था। जिनका ब्रज की भक्ति परंपरा, ब्रज की संस्कृति और इतिहास से कोई लेना देना नहीं है। फाउंडेशन के अध्यक्ष विनीत नारायण ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नववर्ष पर मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन व बरसाना आने वाले लाखों तीर्थयात्रियों को भारी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। हर जगह ट्रैफिक जाम था व गंदगी के अम्बार लगे थे। न तो यातायात की सुचारु व्यवस्था थी और न ही सफाई का कोई इंतजाम किया गया था। कहा कि बाहर से आने वाले भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने एवं उन्हें सुविधा मुहैया कराने में शासन प्रशासन पूर्णत: नाकाम साबित हो रहा है।
मथुरा-वृंदावन, गोवर्धन, बरसाना, नंदगांव, गोकुल आने वाले तीर्थयात्रियों को सरकार की ओर से मिल रही सुविधा एवं मंदिरों के दर्शन में होने वाली समस्याओं पर द ब्रज फाउंडेशन एक व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाएगा जिसमें ब्रजवासियों व तीर्थयात्रियों से एक प्रपत्र पर उनकी शिकायतें जानी जाएंगी तथा व्यवस्थाओं में सुधार के लिए उनके सुझाव भी लिए जाएंगे।
ब्रज रक्षक दल के स्वयं सेवक यात्रियों को मिल रही सुविधा एवं परेशानी का आंकलन करेंगे। साथ ही लोगों के सुझाव लेंगे। श्री नारायण ने आरोप लगाया कि उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन क्या ब्रज के रसिक संतों और ब्रज की महान विभूतियों जैसे स्वामी हरिदास, स्वामी हित हरिवंश, स्वामी हरिराम व्यास, चैतन्य महाप्रभु, निम्बार्काचार्य जैसी हस्तियों और संतों की उपेक्षा के लिए हुआ है। उन्होंने प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से मांग की कि वे परिषद के अध्यक्ष होने के नाते इसकी आय-व्यय का लेखा-जोखा, परियोजनाओं के अनुसार, सार्वजनिक करें, ताकि हर ब्रजवासी व तीर्थयात्री को यह पता चल सके कि मथुरा में तीर्थ विकास के नाम पर क्या-क्या हुआ है। उनके द्वारा मथुरा-वृंदावन से चुनाव लड़े जाने की तैयारी के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि मुझे राजनीति नहीं, बल्कि ब्रज भक्ति करनी है। जब तक प्राण हैं ब्रज की सेवा करते रहेंगे। राजनीति मेरी रुचि नहीं बल्कि ब्रज का विकास ही उनकी प्राथमिकता है। गोवर्धन ब्लाक प्रमुख बाबूलाल ने प्रदेश सरकार पर ब्रज क्षेत्र में विकास के नाम पर फिजूल खर्ची का आरोप लगाया। ब्रज रक्षक दल के जिलाध्यक्ष चौधरी जगपाल सिंह ने कहा कि देश के अन्य तीर्थस्थलों की तुलना में मथुरा के तीर्थस्थलों पर आने वाले तीर्थयत्रियों के लिए सुविधा के नाम पर कुछ नहीं है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.