महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन की सियासत

संसद का आगामी सत्र एक बार फिर महिला आरक्षण, परिसीमन और लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर सियासी शक्ति परीक्षण का मंच बनने जा रहा है। मोदी सरकार जिस विधेयक को महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बता रही है, विपक्ष उसे परिसीमन और क्षेत्रीय राजनीतिक संतुलन से जोड़कर संविधान की मूल भावना पर सवाल उठा रहा है। अप्रैल में लोकसभा में मुंह की खा चुकी सरकार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपने पक्ष में पर्याप्त संख्या बल जुटाने की है। सवाल केवल 131वें संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने का नहीं, बल्कि यह भी है कि महिला आरक्षण के नाम पर देश के राजनीतिक और क्षेत्रीय संतुलन में होने वाले बदलावों को लेकर उठ रही आशंकाओं का जवाब सरकार कैसे देती है। महिला आरक्षण का मुद्दा देश की राजनीति में लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संसद के दोनों सदनों में व्यापक समर्थन मिला था। लेकिन इसके क्रियान्वयन को जनगणना और परिसीमन से जोड़ दिए जाने के कारण इसकी वास्तविक समयसीमा को लेकर सवाल बने हुए हैं। सरकार का तर्क है कि जनगणना और परिसीमन की लंबी प्रक्रिया के चलते महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिलने में देरी हो सकती है, इसलिए 2011 की जनगणना को आधार बनाकर लोकसभा की सीटें बढ़ाने और आरक्षण लागू करने का रास्ता निकाला जाना चाहिए। इसके विपरीत विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण और परिसीमन दो अलग-अलग विषय हैं। महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त बनाना उचित नहीं है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों का मानना है कि इस व्यवस्था के बहाने देश के राजनीतिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व में बड़ा बदलाव करने की कोशिश हो रही है।

इस पूरे विवाद में दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताएं विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं। तमिलनाडु जैसे राज्यों को आशंका है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से अपेक्षाकृत कम जनसंख्या वृद्धि वाले दक्षिणी राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व और राजनीतिक प्रभाव कमजोर पड़ सकता है। दूसरी ओर अधिक जनसंख्या वाले उत्तरी राज्यों की सीटें बढ़ने से उनका प्रभाव बढ़ेगा। यह चिंता केवल किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि संघीय व्यवस्था में राज्यों के समान राजनीतिक महत्व और संतुलित प्रतिनिधित्व से जुड़ा सवाल है। डीएमके इसी कारण सीटों में बढ़ोतरी के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा की संवैधानिक गारंटी चाहती है। उसका प्रस्ताव है कि तमिलनाडु का वर्तमान प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखा जाए और 1971 की जनगणना पर आधारित व्यवस्था को आगे भी जारी रखने के उपाय किए जाएं। ऐसे में सरकार के लिए केवल राजनीतिक आश्वासन देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उसे इन चिंताओं का समाधान विधेयक के प्रावधानों में ही करना होगा। अप्रैल में लोकसभा में विधेयक का गिरना सरकार के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका था। उस समय आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं जुट पाया था। अब सरकार दोबारा विधेयक लाने की तैयारी में है, लेकिन संख्या बल का गणित अभी भी उसके पक्ष में पूरी तरह दिखाई नहीं देता। सहयोगी दलों और क्षेत्रीय पार्टियों को साधने की कोशिशें इस बात का संकेत हैं कि सरकार इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। डीएमके, एनसीपी (शरद पवार) और अन्य क्षेत्रीय दलों का समर्थन हासिल करना आसान नहीं होगा, क्योंकि प्रत्येक दल अपनी राजनीतिक और क्षेत्रीय शर्तों के साथ सामने आ रहा है। विपक्ष में भी पूरी एकजुटता नहीं है, लेकिन परिसीमन के मौजूदा स्वरूप पर असहमति उसे एक साझा मुद्दा जरूर दे रही है।

इस बहस का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि महिला आरक्षण को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का हथियार बनाया जा रहा है। भाजपा विपक्ष पर महिलाओं को उनका अधिकार देने में बाधा डालने का आरोप लगा रही है, जबकि विपक्ष सरकार की मंशा और विधेयक की संरचना पर सवाल उठा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे महिला सशक्तीकरण से जुड़ा बड़ा निर्णय बताते हुए विपक्ष को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं। वहीं कांग्रेस का कहना है कि वह महिला आरक्षण के विरोध में नहीं, बल्कि परिसीमन की आड़ में राजनीतिक प्रतिनिधित्व का स्वरूप बदलने के प्रयास के खिलाफ है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में समान अवसर देने जैसे महत्वपूर्ण विषय पर गंभीर संवैधानिक विमर्श के बजाय राजनीतिक बयानबाजी अधिक दिखाई दे रही है। आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से भी यह मुद्दा दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण बन सकता है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में 2027 में होने वाले चुनावों से पहले महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक माहौल तैयार करने की कोशिश स्वाभाविक है। भाजपा इसे महिला सम्मान और प्रतिनिधित्व का सवाल बनाकर मतदाताओं के बीच ले जा सकती है, जबकि विपक्ष परिसीमन से जुड़े क्षेत्रीय असंतुलन और संवैधानिक चिंताओं को सामने रखेगा। हालांकि इन चुनावों पर इसका सीधा प्रभाव तत्काल नहीं पड़ेगा, लेकिन राजनीतिक नैरेटिव बनाने में यह मुद्दा निर्णायक भूमिका निभा सकता है। वास्तविकता यह है कि महिला आरक्षण किसी दल की राजनीतिक उपलब्धि या विरोध का विषय भर नहीं होना चाहिए। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की पर्याप्त भागीदारी लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। लेकिन इस लक्ष्य को हासिल करने के नाम पर राज्यों के प्रतिनिधित्व और संघीय संतुलन से जुड़े सवालों को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। सरकार को चाहिए कि वह विपक्ष की आपत्तियों को केवल राजनीतिक विरोध मानकर खारिज न करे, बल्कि सभी राज्यों की चिंताओं का समाधान निकालने के लिए व्यापक सहमति बनाए।