गोपाष्टमी पर मुख्यमंत्री योगी ने किया गौ पूजन और सेवा
गौ ग्राम परखम में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, गायों और बछड़ों को अपने हाथों से खिलाया गुड़ व हरा चारा
मथुरा । गोपाष्टमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा के गौ ग्राम परखम स्थित गौशाला में विधि-विधान के साथ गौ पूजन कर गौ सेवा की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गोवंश का पूजन और श्रृंगार किया। मुख्यमंत्री ने सजे-धजे गोवंश को तिलक लगाया और मोरपंख आदि से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
गौ पूजन के दौरान मंदिर एवं आश्रम के पुरोहितों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने गायों और बछड़ों को अपने हाथों से गुड़ और हरा चारा खिलाया। उन्होंने गौवंश की सेवा करते हुए गोपाष्टमी के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोपाष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोमाता सनातन संस्कृति आस्था और भारतीय जीवन परंपरा का अभिन्न अंग हैं। भारतीय संस्कृति में गाय को पूजनीय स्थान प्राप्त है और उसकी सेवा एवं संरक्षण हमारी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोमाता का संरक्षण और संवर्धन उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार गोवंश के संरक्षण और उनकी बेहतर देखभाल के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने गोपाष्टमी के अवसर पर गोसेवा और गोवंश संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए समाज के सभी वर्गों से इस पुनीत कार्य में सहभागिता करने का आह्वान किया।