मथुरा पुलिस ने बरामद किए 543 गुम हुए मोबाइल फोन

दो करोड़ रुपये कीमत के मोबाइल स्वामियों को लौटाए, सीईआईआर पोर्टल से मिली बड़ी सफलता

मथुरा। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में मथुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों पर गठित सीईआईआर टीमों ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 543 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 से 30 सितंबर 2026 के बीच जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। सर्विलांस सेल और थानों पर गठित सीईआईआर टीमों ने मोबाइलों को ट्रेस करने के लिए तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल किया। इस दौरान जनपद के सीमावर्ती राज्यों की पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया। इसके परिणामस्वरूप 543 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।

बरामद मोबाइलों में वृंदावन थाना क्षेत्र के 140, गोवर्धन के 72, पर्यटन थाना के 64, कोतवाली के 42 और कोसीकलां के 39 मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा जैत से 22, हाईवे से 20, छाता और गोविन्दनगर से 15-15, रिफाइनरी से 15, बलदेव से 14, जमुनापार से 12 और सुरीर से 11 मोबाइल बरामद किए गए।

महावन और सदर बाजार से 10-10, शेरगढ़ से आठ, मगोर्रा और फरह से सात-सात, राया से छह, बरसाना से पांच, मांट और नौहझील से चार-चार तथा साइबर थाना क्षेत्र से एक मोबाइल बरामद किया गया।

अपर पुलिस अधिक्षक अपराध श्वेता यादव के अनुसार थाना स्तर से 311 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। शेष 232 मोबाइलों के स्वामियों को सूचना देकर नामित अधिकारी के माध्यम से मोबाइल सुपुर्द किए जाएंगे। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों ने मथुरा पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार जताया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोबाइल बरामदगी अभियान में जनपद के सभी थाना प्रभारियों ने अपेक्षित सहयोग किया। सीईआईआर पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल और विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय के चलते इतनी बड़ी संख्या में गुम मोबाइल बरामद किए जा सके।