मथुरा में आफत की बारिश: घर में उतरा करंट, 14 साल की किशोरी की मौत, 2 अस्पताल में भर्ती

सुरीर के सुदामा गढ़ी में करंट का कहर: कपड़े प्रेस करते वक्त और सिलाई मशीन में फैला करंट, 3 लोग शिकार

​मथुरा । जनपद के थाना सुरीर क्षेत्र स्थित सुदामा गढ़ी गांव में शनिवार सुबह बारिश के दौरान करंट लगने से एक 14 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

​जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान गांव निवासी 14 वर्षीय दीक्षा घर के भीतर सिलाई मशीन चला रही थी। तभी अचानक मशीन में तेज करंट उतर आया और दीक्षा उसकी चपेट में आ गई। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इसी दौरान गांव में दो अन्य स्थानों पर भी करंट फैलने की घटनाएं हुईं। कपड़ों पर प्रेस कर रहे परमानंद (42) बिजली के करंट की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं, गांव के कुलदीप की 14 वर्षीय बेटी नूपुर भी करंट लगने से झुलस गई। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

​घटना की सूचना पर सुरीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल की। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान नमी के कारण बिजली उपकरणों में करंट उतरने की आशंका बढ़ जाती है। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।