वृंदावन में लेंटर डालते समय भरभराकर गिरी शटरिंग: 3 मजदूरों की मौत, 1 की हालत नाजुक
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पड़ी भारी: निर्माणाधीन मॉल में बड़ा हादसा
नेपाल और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे मृतक; डीएम-एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
वृंदावन । रुक्मिणी विहार क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहाँ एक निर्माणाधीन मॉल की चौथी मंजिल पर लेंटर डालने के दौरान शटरिंग अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसे के वक्त काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
रेस्क्यू में एक मृत मिला, दो ने अस्पताल में दम तोड़ा
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे से निकाले गए मजदूरों में से एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक मजदूर नेपाल और दो पश्चिम बंगाल के निवासी बताए गए हैं। गंभीर रूप से घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया। दमकल विभाग के गहन सर्च ऑपरेशन के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मलबे में अब कोई फंसा नहीं है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों से संपर्क करना शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर प्राप्त होते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाए जाने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।