रिफाइनरी पाइपलाइन से तेल चोरी कर बनाई 19.44 करोड़ की काली कमाई: मथुरा पुलिस का एमपी में बड़ा एक्शन, पेट्रोल पंप सहित ज़मीन कुर्क

गैंगस्टर एक्ट में बड़ी कार्रवाई: देवास में गूंजी ढोल की मुनादी, भू-माफिया बने तेल चोर के बेटों-पत्नी के नाम खरीदी बेनामी संपत्तियां सील

​मथुरा/देवास। रिफाइनरी की मुख्य तेल पाइपलाइन में सेंध लगाकर करोड़ों का काला साम्राज्य खड़ा करने वाले गिरोह पर मथुरा पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। थाना फरह पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मध्य प्रदेश के देवास जिले में दबिश देकर शातिर अपराधी अशोक कुमार की 19 करोड़ 44 लाख 16 हजार रुपये की अवैध चल-अचल संपत्ति को कुर्क व सील कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट मथुरा के आदेश पर हुई इस अंतरराज्यीय कार्रवाई से तेल माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

इंदौर निवासी अभियुक्त अशोक कुमार (मूल निवासी सोनकच्छ, देवास) एक संगठित गिरोह चलाता था। उसने भारत सरकार के उपक्रम इंडियन ऑयल रिफाइनरी की पाइपलाइन में छेद कर तेल चोरी का काला कारोबार फैलाया था। इस अवैध कमाई को सफेद करने के लिए उसने अपने बेटों और पत्नी के नाम पर मध्य प्रदेश के देवास में कई हेक्टेयर कीमती ज़मीनें और पेट्रोल पंप खरीद लिया।

​उसने देवास में बेटे रूपम के नाम 3.05 हेक्टेयर (कीमत ₹8.20 करोड़) तथा दूसरे बेटे शुभम के नाम 2.73 हेक्टेयर (कीमत ₹7.34 करोड़) कृषि भूमि खरीदी जबकि ग्राम सांवेर बी में पत्नी किरण के नाम दो अलग-अलग भूखंड (कुल कीमत ₹1.75 करोड़) में क्रय किए।

​खुद के नाम पेट्रोल पंप व भूमि ग्राम बेराखेड़ी में 0.15 हेक्टेयर में संचालित ‘JJ किसान सेवा केंद्र’ पेट्रोल पंप (कीमत ₹1.35 करोड़) तथा पास ही 0.17 हेक्टेयर ज़मीन (कीमत ₹60.80 लाख) खरीदी। पुलिस ने

 आरोपी से ₹12.50 लाख नगद, एक तेल टैंकर (कीमत ₹4.50 लाख) और क्वालिस गाड़ी (कीमत ₹36 हजार) बरामद किए है। 

मथुरा डीएम सीपी सिंह के आदेश पर देवास प्रशासन ने सोनकच्छ तहसीलदार हर्षल बहरानी के नेतृत्व में राजस्व व स्थानीय पुलिस की विशेष टीम गठित की। बुधवार को फरह थाना प्रभारी छोटेलाल व मथुरा पुलिस टीम ने देवास पहुंचकर प्रशासनिक ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। सभी संपत्तियों पर जब्ती के सरकारी बोर्ड लगाकर पेट्रोल पंप और ज़मीनों को सील कर दिया गया। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, अपराध से संपत्ति अर्जित करने वाले माफियाओं के खिलाफ यह कड़ा संदेश है।