​विकास प्राधिकरण का महा एक्शन: कोसी और नंदगांव रोड पर 2 अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

​प्राधिकरण के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी; सड़कें, बिजली के खंभे और नालियां कराई गईं जमींदोज, भू-माफियाओं में मचा हड़कंप

​मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ बुधवार को अब तक की सबसे बड़ी ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की। उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन के निर्देशन और सचिव आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ कोटवन-कोसी राष्ट्रीय राजमार्ग एवं नंदगांव रोड क्षेत्र में छापा मारकर लगभग 14,500 वर्ग मीटर (करीब 3.5 एकड़) में बसाई जा रही दो अनाधिकृत कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
​कोटवन-कोसी हाईवे पर 10,000 वर्ग मीटर भूमि पर ​दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के सामने, कोटवन (कोसी राष्ट्रीय राजमार्ग) पर लगभग 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बिना अनुमति भूमि का सब-डिवीजन कर तथा जी.एस.बी. रोड का निर्माण कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। ​उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की धाराओं के तहत वाद संख्या योजित किया गया था। सुनवाई के बाद प्राधिकरण द्वारा 13 मार्च 2026 को ही ध्वस्तीकरण के अंतिम आदेश पारित कर दिए गए थे।
​दूसरा मामला नंदगांव रोड पर 4,500 वर्ग मीटर की कॉलोनी जमींदोज करने का है। बठैन रोड जांव गांव / नंदगांव रोड पर श्याम लाल द्वारा लगभग 4,500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से सड़क, नालियां व विद्युत पोल गाड़कर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। ​इस मामले में 23 जून 2026 को ध्वस्तीकरण का आदेश दिया गया था।
​प्राधिकरण द्वारा नियत अवधि में विकासकर्ताओं को अवैध निर्माण खुद हटाने का मौका दिया गया था, किंतु भू-माफियाओं/डेवलपर्स द्वारा अनाधिकृत निर्माण नहीं हटाया गया। इसके क्रम में बुधवार को प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर दोनों कॉलोनियों की सड़कों, विद्युत पोलों, ड्रेन व निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर पूरी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया।
​ उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन का कहना है कि ​”प्राधिकरण क्षेत्र में बिना ले-आउट स्वीकृत कराए अवैध कॉलोनाइजिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध कॉलोनियों एवं अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।