मथुरा । यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए वृंदावन क्षेत्र में नियम विरुद्ध रूट पर चल रहे ई-रिक्शा और ऑटो के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहनों पर कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक यातायात मथुरा ने पुलिस टीम के साथ कस्बा वृंदावन में अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 180 ई-रिक्शा और ऑटो को सीज किया गया, जबकि 425 ई-रिक्शा व ऑटो के चालान किए गए।
इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 175 वाहनों के खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें सख्त निर्देश दिए गए कि वाहन केवल निर्धारित रूट पर ही चलाएं। पुलिस द्वारा पीए सिस्टम के माध्यम से भी चालकों को निर्धारित रूट और नियमों की जानकारी दी गई। प्रशासन का कहना है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।