मथुरा में चोरी कांड का खुलासा, 2.60 करोड़ रु. की बरामदगी के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

थाना जैंत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नगदी, कार, आभूषण व अन्य सामान बरामद

मथुरा। थाना जैंत पुलिस ने सुनरख क्षेत्र में हुई करीब 2.90 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.60 करोड़ रुपये की बरामदगी की है जिसमें 2 करोड़ रुपये नगद और शेष रकम से खरीदी गई कार, आभूषण, मोबाइल फोन व अन्य सामान शामिल हैं।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 14 जुलाई को तड़के करीब 2:30 बजे सुनरख रोड से एनएच-19 की ओर जाने वाले मार्ग से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राजन निवासी फरीदाबाद, आलोक निवासी कुशीनगर, प्रेम सागर और हीरेन निवासी सूरत शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक श्लोक कुमार के अनुसार गुजरात निवासी राकेश प्रजापति वृंदावन में रहकर भक्ति कर रहे थे और अपनी जीवन भर की जमा पूंजी अपने फ्लैट में रखी हुई थी। आरोपियों ने पहले उनसे संपर्क बनाया और फिर योजना के तहत एक आरोपी उन्हें प्लॉट दिखाने के बहाने बाहर ले गया। इसी दौरान अन्य साथियों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी और दीवान में रखे 2.90 करोड़ रुपये चोरी कर लिए।

घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित को डराने-धमकाने की कोशिश की और शिकायत न करने की चेतावनी दी। बाद में पीड़ित ने हिम्मत कर पुलिस को सूचना दी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों से 2 करोड़ रुपये नगद, एक वोक्सवैगन वर्टस कार, घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार, सोने-चांदी के आभूषण, ब्रांडेड घड़ियां, कपड़े, जूते, चार मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है।

मामले के खुलासे के लिए थाना जैंत पुलिस व सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। थानाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने अथक प्रयास कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।