मथुरा में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव दो हिस्सों में मिला, हत्या की आशंका पर जांच

मथुरा । आर्य समाज रोड स्थित रेलवे फाटक के पास सोमवार तड़के करीब तीन बजे रेलवे ट्रैक पर 22 वर्षीय युवक का शव दो हिस्सों में कटा हुआ मिला। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान झिगुरपुरा निवासी तरुण, पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए।

सोमवार शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम गृह पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि तरुण की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है, ताकि घटना को हादसा दिखाया जा सके। उनका कहना है कि कुछ समय पहले तरुण का एक युवती से प्रेम प्रसंग था, जिसके चलते उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। परिजनों ने इसी रंजिश में वारदात की आशंका जताई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या और रेल हादसा, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।