मथुरा-वृंदावन के नए नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने संभाला कार्यभार; बोले— ‘सफाई व्यवस्था को बनाएंगे नंबर वन’
मथुरा । मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नवागत नगर आयुक्त ओजस्वी राज (IAS 2020 बैच) ने आज शाम भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ वृंदावन जाकर विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी जी मंदिर में दर्शन-पूजन किए और ठाकुर जी का आशीर्वाद लिया।
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद ही नए नगर आयुक्त एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने नगर निगम के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक परिचय बैठक की और विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सी.पी. पाठक, सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी, अनुज कौशिक, जलकल महाप्रबंधक अनवर ख्वाजा और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अनौपचारिक बातचीत के दौरान नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि मथुरा-वृंदावन माननीय मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल एक वीवीआईपी (VVIP) शहर है। यहां देश-विदेश से प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में नगर निगम का यह मुख्य दायित्व है कि यहां आने वाले तीर्थयात्री ब्रजभूमि की एक बेहद स्वच्छ और सुंदर छवि अपने दिलो-दिमाग में लेकर लौटें।
अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को नंबर वन बनाना और स्थानीय निवासियों को पानी, सड़क, और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध (टाइम-बाउंड) तरीके से उपलब्ध कराना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। बता दें कि इससे पहले ओजस्वी राज बलिया में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर तैनात थे और अपनी कुशल कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।