नवनिर्माणाधीन मकान में मिला अलीगढ़ के शातिर अपराधी का शव, दुर्घटना में मौत की आशंका


​मथुरा। थाना रिफाइनरी क्षेत्र की हरिधाम कॉलोनी से रविवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नवनिर्माणाधीन मकान में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है।

​क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण तिवारी ने बताया कि रविवार सुबह लगभग 11:00 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हरिधाम कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और उच्च अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फॉरेंसिक (फील्ड) यूनिट को भी मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए।

​शव की शिनाख्त कुलदीप (पुत्र हुकम सिंह) के रूप में हुई है, जो कि जनपद अलीगढ़ के थाना टप्पल अंतर्गत हेतलपुर का निवासी था। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक कुलदीप का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में एक दर्जन (12) से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

​सीओ प्रवीण तिवारी के मुताबिक घटना स्थल के निरीक्षण, प्रारंभिक जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के बाद प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि कुलदीप की मौत किसी दुर्घटना के कारण हुई है।
​पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में आवश्यक वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।