मथुरा/वृंदावन। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) के एक अधिकारी पर सील किए गए गेस्ट हाउस में कमरा दिलाने के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में नगर निगम मथुरा-वृंदावन के वार्ड-67 से भाजपा पार्षद राधाकृष्ण पाठक ने प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार वृंदावन के रुक्मिणी विहार सेक्टर-2 स्थित ‘वृंदावन बालाजी सेवा सदन’ गेस्ट हाउस को हाल ही में नियमों के उल्लंघन के चलते सील किया गया था। आरोप है कि 28 जून की सुबह करीब 7 बजे MVDA के सहायक अभियंता सुमित मौर्य अपनी सरकारी गाड़ी के साथ गेस्ट हाउस पहुंचे और वहां मौजूद प्रबंधक से कमरा खोलने को कहा। प्रबंधक द्वारा गेस्ट हाउस के सील होने की बात कहने पर आरोप है कि अधिकारी ने कथित रूप से 2000 रुपये देने की पेशकश करते हुए कमरा उपलब्ध कराने का दबाव बनाया। पार्षद ने इस पूरे घटनाक्रम के समर्थन में सीसीटीवी फुटेज भी अधिकारियों को सौंपे हैं।
इस मामले में MVDA के सचिव आशीष कुमार सिंह ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा कि उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है उसके बाद कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं आरोपित सहायक अभियंता सुमित मौर्य ने गेस्ट हाउस पर जाने की बात स्वीकार की, लेकिन इसे सामान्य जांच-पड़ताल बताया है।
इधर, गेस्ट हाउस की सील हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्राधिकरण सचिव का कहना है कि संबंधित पक्ष द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत करने के बाद नियमानुसार सील खोली गई है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्राधिकरण जांच में क्या निष्कर्ष निकालता है और दोषी पाए जाने पर क्या कार्रवाई की जाती है।