यमुना एक्सप्रेस वे पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन ने 7 लोगों को रौंदा, 6 साल की मासूम की मौत

स्कॉर्पियो-ऑल्टो की टक्कर के बाद सड़क पार कर रहे थे परिवार के लोग, छह घायल; फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

मथुरा । यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। मांट क्षेत्र में माइलस्टोन 102.8 के पास अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सड़क पार कर रहे सात लोगों को रौंद दिया। हादसे में 6 वर्षीय नायरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस से लक्ष्मीनगर स्थित भास्कर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली के विष्णु गार्डन निवासी परिवार स्कॉर्पियो से नोएडा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो आगे चल रही एक ऑल्टो कार से टकरा गई। टक्कर में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन एक्सप्रेसवे पर ही बंद हो गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार सभी लोग वाहन से उतरकर सड़क पार कर दूसरी लेन की ओर जा रहे थे। तभी आगरा की दिशा से तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह वर्षीय नायरा की मौत हो गई, जबकि तनिष्का (4), दिव्या (32), मीरा (53), कमलेश (50), मनोज कुमार (55) और कार्ती (32) घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मांट थाना पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया तथा क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और उसके चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।