रंगभरनी एकादशी पर वृंदावन तैयार: लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ संभालने को हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था

वृंदावन। रंगभरनी एकादशी के पावन अवसर पर वृंदावन में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कान्हा की नगरी में जनसैलाब को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

पुलिस अधीक्षक नगर मथुरा राजीव कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर (मथुरा) द्वारा थाना वृंदावन क्षेत्रांतर्गत परिक्रमा मार्ग पर पैदल मार्च किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पैदल मार्च के दौरान परिक्रमा मार्ग सहित आसपास के प्रमुख मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार गश्त, फुट पेट्रोलिंग एवं त्वरित रिस्पॉन्स टीमों को सक्रिय रखा गया है। पैदल मार्च से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया और आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए इस बार तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। प्रमुख चौराहों मंदिरों और परिक्रमा मार्ग पर हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से 24 घंटे की जाएगी। ऊंचे स्थानों पर वॉच टावर स्थापित किए गए हैं जहां से पुलिस अधिकारी भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश देने और आपात स्थिति में सूचना साझा करने के लिए लगातार अनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है।
नगर को जाम की स्थिति से बचाने के लिए विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सादी वर्दी और वर्दीधारी महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान सीओ सदर पीतमपाल सिंह कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।