वृंदावन। यमुना नदी में मोटरबोट पलटने के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। राहत और बचाव कार्य के दौरान एक और श्रद्धालु का शव मिलने से यह आंकड़ा बढ़ा है। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं जबकि कई श्रद्धालुओं के अब भी लापता होने की आशंका बनी हुई है।
हादसे के बाद पुलिस ने मोटर बोट चालक पप्पू को देर रात हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया गया कि हादसे के समय चालक तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया था। पुलिस ने अन्य नाविकों से भी जानकारी जुटाई है हालांकि अधिकारियों ने अभी हिरासत की औपचारिक पुष्टि नहीं की है। सूत्रों का कहना है बिना लोनिवि की मंजूरी के इस पोन्टून पुल को हटवाकर सामने घाट पर ड्रेजिंग मशीन पहुचनी थी जो हादसा के मुख्य कारण बना है।
जानकारी के अनुसार केसीघाट और बंशीवट के बीच शुक्रवार को यह बड़ा हादसा हुआ जब 37 श्रद्धालुओं से भरी मोटरबोट पांटून पुल से टकराकर पलट गई। टक्कर के बाद नाव में सवार लोग गहरे पानी में डूबने लगे जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई।
श्रद्धालु लुधियाना हिसार मुक्तसर और जगरांव से वृंदावन घूमने आए थे। कुल 130 लोगों के दो दल पहुंचे थे जिनमें से 37 लोग नाव में सवार थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पांटून पुल को हटाने के दौरान लापरवाही बरती गई जिसकी चपेट में मोटरबोट आ गई हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
देवराहा बाबा आश्रम के पास एक और शव मिलने की पुष्टि के बाद प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है। यमुना के विभिन्न हिस्सों में गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीमें लगातार तलाश कर रही हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से नदी किनारे सतर्कता बरतने की अपील की है।
हादसे के तुरंत बाद 08 पीआरवी, 03 एंबुलेंस, फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक तौर पर 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जिनके शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। राहत एवं खोज कार्य के लिए कल रात से ही NDRF की 8, SDRF की 5, फ्लड PAC की 3 टीमों के साथ 6 निजी गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इसी दौरान आज घटनास्थल से करीब 800 मीटर दूर एक और शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान मानिक टंडन के रूप में हुई है। परिजन मौके पर मौजूद हैं और पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
अब तक कुल 11 शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि 4 लोग अभी भी लापता हैं। प्रशासन द्वारा उनकी तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। आज दिन में भी रेस्क्यू अभियान चलता रहा।