मथुरा इलेक्ट्रिकल्स ट्रेडर्स वेल्फेयर एसो. ने धूमधाम से मनाया होली मिलन समारोह

मथुरा । मथुरा इलेक्ट्रिकल्स ट्रेडर्स वेल्फेयर एसोसिएशन (रजि.) द्वारा अपने सभी सदस्यों एवं उनके परिजनों के साथ होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन नेशनल चैंबर भवन ट्रस्ट के हॉल में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में भजनों, होली के गीतों, लठामार होली एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत शानदार चाट एवं ठंडाई के साथ हुई। चारु अग्रवाल द्वारा गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सदस्य परिवार के बच्चों की प्रस्तुतियां रहीं। तन्वी अग्रवाल ने कृष्ण स्वरूप तथा जाह्नवी अग्रवाल ने राधा स्वरूप में मनोहारी प्रस्तुति दी। इनके साथ चार अन्य बच्चों ने गोप-गोपियों के रूप में फूलों की होली खेलकर सभी का मन मोह लिया। वहीं सदस्यों द्वारा लठामार होली की आकर्षक प्रस्तुति भी दी गई जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

समारोह में एसोसिएशन के संरक्षक गुरमुख दास, अध्यक्ष मुकेश सिंघल, महामंत्री महेश अग्रवाल (तरौली वाले), कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, संयोजक संजय (हरि इलेक्ट्रिक), मनमोहन अग्रवाल, सत्यप्रकाश, गोविंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।