भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान: कार्यकर्ताओं को ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘अंत्योदय’ के मंत्र से करेंगे लैस

​पुष्पांजलि स्थित जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक; मंडल स्तर तक चलेगा अभियान

कार्यालय संवाददाता

​मथुरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के अंतर्गत पुष्पांजलि स्थित जिला कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक का मुख्य केंद्र कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करना और संगठनात्मक मजबूती प्रदान करना रहा।

​बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ का सिद्धांत भाजपा की वैचारिक बुनियाद है। उन्होंने जोर देते हुए कहा यह अभियान केवल एक सांगठनिक गतिविधि नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में राष्ट्र प्रथम की भावना भरने का माध्यम है। प्रशिक्षण के जरिए हर कार्यकर्ता को पार्टी की नीतियों और जनसेवा के संकल्प से जोड़ा जाएगा।

​क्षेत्रीय मंत्री रजनीश त्यागी ने संगठन की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा एक विचार आधारित दल है जहाँ कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी सोच को आत्मसात करने का आह्वान किया ताकि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँच सकें।

​जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि इस महाअभियान को मंडल स्तर तक ले जाया जाएगा। इसका उद्देश्य समर्पित और सक्षम कार्यकर्ताओं की एक ऐसी टोली तैयार करना है जो समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहे। जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय ने कहा कि पार्टी का संकल्प पंडित दीनदयाल के विचारों को जन-जन तक पहुँचाकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को गति देना है।

​कार्य योजना बैठक में प्रमुख रूप से कार्यक्रम संयोजक एवं जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी, अनिल चौधरी, आकाश चौधरी, अमन ठाकुर, उपाध्यक्ष मनीष पाराशर, सुरेश सरकार, आईआईटी संयोजक दीपांशु गुप्ता, ज्ञानेंद्र सिंह, देवेंद्र शर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा मंडल अध्यक्ष पारस ठाकुर, मनीष ओझा, वीरेंद्र शर्मा, भूरा सिंह, आरपी सिंह सहित दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।