ITMS कार्यालय में होमगार्ड ने लगाई फांसी, मथुरा में मचा हड़कंप

मथुरा । नगर निगम के इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कार्यालय में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सोशल मीडिया पर मृतक के फांसी पर लटके होने का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह पुलिस के ई-चालान कार्यालय के बाहर मेज के पास लटका हुआ दिखाई दे रहा है जिससे प्रतीत हो रहा है कि उसने मेज पर चढ़कर फांसी लगाई है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बलदेव क्षेत्र निवासी लगभग 50 वर्षीय लखन पुत्र मलखान के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह ITMS कार्यालय में होमगार्ड के रूप में तैनात था। घटना के समय कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने जब उसे फांसी पर लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

एसएसपी श्लोक कुमार ने मीडिया को बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आत्महत्या के पीछे किन परिस्थितियों ने भूमिका निभाई। इस दुखद घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजन मौके पर पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक कागजी कार्रवाई में जुटे हुए हैं। घटना के बाद ITMS कार्यालय में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।