मानव सेवा की भावना से मरम्मत, डेंटिंग-पेंटिंग कर बनाई पूर्णतः उपयोग योग्य
वृन्दावन। लायंस इंटरनेशनल क्लब श्री राधा द्वारा लोकहित एवं मानव सेवा की भावना से संयुक्त चिकित्सालय, वृन्दावन में उपलब्ध मारुति ओमनी एम्बुलेंस का जीर्णोद्धार कर उसे पुनः चिकित्सालय को समर्पित किया गया। यह कार्य क्लब के अध्यक्षीय कार्यकाल के अंतर्गत माननीय सुधीर शुक्ला, सदस्य – रोगी कल्याण सेवा समिति, संयुक्त चिकित्सालय वृन्दावन के सहयोग से कराया गया।
क्लब द्वारा एम्बुलेंस की रिपेयरिंग, डेंटिंग एवं पेंटिंग का कार्य पूर्ण कर उसे सुचारु एवं सुरक्षित रूप में तैयार किया गया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। एम्बुलेंस का लोकार्पण लायंस प्रीति होरा एवं सुधीर शुक्ला के करकमलों द्वारा किया गया।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि एम्बुलेंस में मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों, संकरी गलियों तथा आपात स्थितियों में आमजन को शीघ्र और प्रभावी चिकित्सा सहायता मिल सके।
इस जनकल्याणकारी कार्य में लायंस क्लब के सुधीर शुक्ला, प्रीति होरा, ललित गुप्ता, रत्ना गोयल, रीता गुप्ता एवं पूनम गोयल का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में सीएमएस वंदना अग्रवाल, मैनेजर नंदिता चौहान, लायंस मधु शर्मा, लायंस ऋचा शर्मा, लायंस विनोद, लायंस शांता सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
लायंस इंटरनेशनल क्लब “श्री राधा”, दिल्ली की यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है, जिससे अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।