लठामार होली से पहले विद्युत निगम अलर्ट, बरसाना-नन्दगांव में सुरक्षा व निर्बाध आपूर्ति की कवायद तेज 

मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने टीम के साथ किया स्थलीय निरीक्षण, खामियों को तुरंत दूर करने के निर्देश
मथुरा/बरसाना।
विश्व प्रसिद्ध लठामार होली को लेकर विद्युत निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए विद्युत आपूर्ति को सुरक्षित, निर्बाध एवं सुचारू बनाए रखने के लिए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर निरीक्षण और सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
मंगलवार को मथुरा जोन के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने अधीक्षण अभियंता सत्यप्रकाश पांडेय, अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार तिवारी तथा एसडीओ राहुल चौरसिया के साथ बरसाना क्षेत्र का भ्रमण कर विद्युत विभाग द्वारा किए गए कार्यों एवं प्रस्तावित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, जर्जर तारों, खुले केबल, पोलों की सुरक्षा, अस्थायी विद्युत संयोजनों तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में कराए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जर्जर तारों को तत्काल बदला जाए और खुले केबलों को सुरक्षित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की संभावना न रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बरसाना एवं नन्दगांव में लठामार होली पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त निगरानी, फॉल्ट की त्वरित मरम्मत हेतु विशेष टीमों की तैनाती, आपातकालीन व्यवस्था को सक्रिय रखने तथा ट्रांसफार्मरों और पोलों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार तिवारी ने कार्यों की प्रगति से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रमुख मार्गों, मंदिर परिसरों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुधार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे होली के दौरान किसी प्रकार की विद्युत समस्या उत्पन्न न हो।
निरीक्षण में जेई विनीत कुमार शुक्ला सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि लठामार होली जैसे बड़े आयोजन में बिजली व्यवस्था का सुरक्षित रहना अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए विभाग पूरी तरह सतर्क है।