गोवर्धन। बीती रात्रि ब्रज दर्शन को आए एक विदेशी नागरिक ने आन्यौर स्थित गोविंद कुंड के एक आश्रम में फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची एलआईयू और थाना पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने घटना स्थल से मृतक का लैपटॉप वीजा, पासपोर्ट और मोबाइल फोन आदि दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। विदेशी युवक दोस्त के साथ ब्रज भ्रमण पर आया था। बताया जाता है कि 38 वर्षीय ओलक जेण्डर निवासी यूक्रेन दो माह पूर्व अपने दोस्त ब्रजसुन्दर दास निवासी यूक्रेन के साथ ब्रज भ्रमण पर गिरिराज परिक्रमा मार्ग स्थित गोविंद कुंड आया था। वहां श्रीराधामदन मोहन दास मंदिर में रहने लगा। दोस्त ब्रजसुंदर दास 11 दिसंबर को यूक्रेन चला गया। ओलक जेंडर श्रीराधा मदन मोहन मंदिर के एक कमरे में रह रहा था। दूसरे कमरे में विदेशी नागरिक सनातन दास व ब्रजसुन्दरी दासी निवासी रसियन निवास कर रहे थे। बुधवार को ओलक जेंडर कमरे से बाहर नहीं निकले तो इसकी जानकारी सनातन दास ने मंदिर के महंत जानकी दास को दी। जानकी दास ने पुलिस को सूचना दी। मंदिर के महंत जानकी दास ने बताया कि विदेशी नागरिक ओलक जेंडर दो माह पूर्व अपने दोस्त ब्रज सुंदर दास के साथ यहां आया था। ब्रज सुंदर दास यूक्रेन चला गया। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली है। थानाध्यक्ष राजकमल सिंह ने बताया कि विदेशी नागरिक ओलक जेंडर के पास से एक लेटर बरामद हुआ है। जिसमें अपने अंतिम संस्कार ब्रज में करने के लिए लिखा है।