मथुरा के औरंगाबाद जोन में चला नगर निगम का बुलडोजर

मुख्य मार्ग पर पक्के अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, सड़क हुई अतिक्रमण-मुक्त

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा शहर के मुख्य मार्गों को अतिक्रमण-मुक्त रखने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से सख्त अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त जग प्रवेश के निर्देशों के क्रम में शनिवार को औरंगाबाद जोन में पक्के अतिक्रमण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई।
प्रभारी औरंगाबाद जोन सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह के नेतृत्व में वेटनरी कॉलेज से औरंगाबाद मार्केट तक मुख्य मार्ग पर व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों एवं मकान मालिकों द्वारा अपनी दुकानों व आवासों के सामने किए गए स्थायी एवं पक्के अवैध निर्माणों को हटाया गया।
अवैध अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी जिससे आमजन एवं वाहनों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। नगर निगम द्वारा जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर मुख्य मार्ग को पूर्ण रूप से अतिक्रमण-मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा राहगीरों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
कार्यवाही के दौरान क्षेत्रीय चौकी इंचार्ज मय पुलिस बल के साथ नगर निगम मथुरा-वृंदावन की ईटीएफ टीम के सदस्य राजेश चौधरी विजयवीर सिंह दीपक शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन द्वारा यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।