वृंदावन में स्मार्ट सिटी गेस्ट हाउस निर्माण की गुणवत्ता पर नगर आयुक्त सख्त

वृंदावन। वृंदावन जोन में हजारीमल सोमानी इंटर कॉलेज के समीप स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा निर्माणाधीन गेस्ट हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का गहनता से परीक्षण किया गया तथा मानकों के अनुसार कार्य हो रहा है या नहीं इसकी जांच की गई।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी गई कि निर्माण कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ मानक अनुरूप और निर्धारित समय सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री, संरचना की मजबूती और कार्य की गति पर विशेष ध्यान दिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत हो रहे कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता के धन का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।
निरीक्षण के समय अपर नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश पाठक सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक तथा जोनल सेनेटरी अधिकारी महेशचंद्र भी मौके पर मौजूद रहे। नगर आयुक्त के इस औचक निरीक्षण से निर्माण एजेंसी में हड़कंप मच गया और कार्यस्थल पर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।