मथुरा । लोकतंत्र की हत्या और विपक्षी मतदाताओं के वोट कटवाने की साजिश के खिलाफ समाजवादी पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ जोरदार हुंकार भरी। मुन्ना मलिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा और एडीएम वित्त पंकज कुमार को ज्ञापन सौंपकर गंभीर आरोप लगाए।
मुन्ना मलिक ने कहा कि बलदेव विधानसभा क्षेत्र के गांव ओल सहित कई इलाकों में सैकड़ों फॉर्म-7 बीएलओ को दिए गए हैं। एक ही व्यक्ति द्वारा एक ही जाति और धर्म विशेष के लोगों के नाम मतदाता सूची से कटवाने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे सीधे तौर पर वोट की डकैती बताया और कहा कि समाजवादी पार्टी इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
राघवेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया कि मथुरा में लोकतंत्र की हत्या का बड़ा षड्यंत्र रचा जा रहा है। अज्ञात लोगों द्वारा फर्जी हस्ताक्षर कर थोक में फॉर्म भरे जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सभी फर्जी फॉर्म तत्काल निरस्त किए जाएं और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो।
पवन चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बिना भौतिक सत्यापन किसी भी मतदाता का नाम काटना असंवैधानिक है। सत्ता के दबाव में विपक्षी विचारधारा वाले मतदाताओं को निशाना बनाना तुरंत बंद किया जाए। इमरान अब्बास ने कहा कि चोरी-छिपे वोट काटने का यह खेल अब जनता के सामने आ चुका है। पूरी घटना और साक्ष्यों की जानकारी पार्टी नेतृत्व को दे दी गई है।
सतीश पटेल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने फर्जी आवेदनों पर रोक नहीं लगाई और न्याय नहीं मिला तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
इस दौरान समाजवादी लोहिया वाहिनी के महानगर महासचिव रवि दिवाकर, पूर्व जिला महासचिव सैयद शाहिद अल्वी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।