मथुरा। सोना और चांदी की कीमतों में अचानक आई तेज गिरावट से एमसीएक्स पर कारोबार करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव के चलते एमसीएक्स से जुड़े कारोबारियों ने अपना लेन-देन पूरी तरह बंद रखा।
बाजार सूत्रों के अनुसार एमसीएक्स पर चांदी का भाव कल चार लाख रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच गया था जो आज घटकर लगभग साढ़े तीन लाख रुपये प्रति किलो के आसपास आ गया है। यानी चांदी की कीमत में करीब 70 हजार रुपये प्रति किलो तक की गिरावट दर्ज की गई है।
वहीं सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। बताया गया कि कल के मुकाबले आज सोने के भाव में करीब 9 हजार रुपये प्रति दस ग्राम की कमी आई है। आज सांय चार बजे करीब एमसीएक्स पर चांदी का भाव 3 लाख 40 हजार प्रति किलो चल रहा था।
दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में हो रहे भारी उतार-चढ़ाव का सीधा असर सर्राफा बाजार पर भी पड़ा है। जहां पहले से ही सर्राफा बाजार में सुस्ती बनी हुई थी, वहीं अब एमसीएक्स कारोबारियों के चेहरों पर भी चिंता साफ नजर आने लगी है। व्यापारियों का कहना है कि कीमतों में इस तरह की अस्थिरता के कारण बाजार में न तो खरीदारी हो पा रही है और न ही बिक्री। निवेशक भी असमंजस की स्थिति में हैं और जोखिम लेने से बच रहे हैं।
बाजार जानकारों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, डॉलर में मजबूती और वैश्विक आर्थिक हालात के चलते सोना-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में सर्राफा बाजार में और अधिक सुस्ती देखने को मिल सकती है।
कीमतों में आई इस गिरावट से आम उपभोक्ताओं को कुछ राहत की उम्मीद जरूर जगी है लेकिन व्यापारियों के लिए यह दौर चिंता का कारण बना हुआ है। सबसे अधिक निराशा उन लोगों में देखने को मिली जो प्रतिदिन एमसीएक्स पर पूरे दिन तेजी और मंदी में खरीद-बिक्री का काम करते थे। आज वे किसी भी प्रकार का सौदा नहीं कर सके।
सबसे अधिक नुकसान उन लोगों को हुआ जिन्हें अनाड़ी निवेशक कहा जा सकता है। उन्होंने चांदी का भाव चार लाख 10 हजार रुपये प्रति किलो पहुंचने पर बड़ी मात्रा में सौदे कर लिए थे। आज भाव गिरते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
बताया जा रहा है कि कुछ दलालों द्वारा यह चर्चा फैलाई गई थी कि चांदी के भाव पांच लाख से छह लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंचने वाले हैं। इसी भ्रम में आकर अनेक लोगों ने भारी मात्रा में चांदी की खरीद कर ली थी। अब कीमतों में आई अचानक गिरावट से वे भारी संकट में आ गए हैं।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.