गोवर्धन नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में आत्मनिर्भर बनाने को बकाया वसूली पर जोर, टीएफसी निर्माण को हरी झंडी

गोवर्धन। शुक्रवार को नगर पंचायत गोवर्धन की बोर्ड आयोजित बैठक में नगर पंचायत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आय के स्रोत बढ़ाने, बकाया गृह कर व जलमूल्य की वसूली तेज करने सहित एक दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।

नगर पंचायत सभागार में चेयरमेन प्रभा देवी शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अधिशासी अधिकारी चैतन्य तिवारी की उपस्थिति में विस्तृत चर्चा हुई। सभासदों ने एकमत से नगर पंचायत की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने पर बल दिया। इसके अंतर्गत पार्किंग टेंडर किए जाने तथा कर वसूली को प्रभावी बनाने के प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर (टीएफसी) के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। यह टीएफसी बिछुआ कुंड के समीप नगर पंचायत की सरकारी भूमि पर निर्मित किया जाएगा।

इसके साथ ही बैठक में चकलेश्वर परिक्रमा मार्ग पर क्षतिग्रस्त राइजिंग मेन एवं सीवर लाइन की मरम्मत, श्मशान घाटों के सौंदर्यीकरण समेत अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव भी पास किए गए।

नगर पंचायत अध्यक्षा प्रभा देवी शर्मा ने बताया कि बैठक में नगर पंचायत को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आय के नए स्रोतों पर गंभीरता से विचार किया गया है। उन्होंने कहा कि कुल 12 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में सभासद श्रीमती नीरज, अमित गोस्वामी, परमानंद, संजय लवानिया, सुरेंद्र गुप्ता उर्फ बिरजो, धर्मेंद्र सिंह, श्रीमती गुड़िया, श्रीमती हेमलता, राकेश सिंघानिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।