जनता दर्शन में गूंजा जनविश्वास, श्रीकांत शर्मा ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

मथुरा। उत्तर प्रदेश के पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मथुरा–वृंदावन विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्रीकांत शर्मा ने राधा वैली स्थित अपने आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी विभिन्न समस्याओं और सुझावों को लेकर पहुंचे। विधायक ने एक-एक कर सभी लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जनता दर्शन में शामिल लोगों ने बिजली, पेयजल, सड़क, सीवर, साफ-सफाई, आवास, पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। कई मामलों में श्रीकांत शर्मा ने तुरंत फोन के माध्यम से अधिकारियों से बात कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए, वहीं अन्य मामलों में समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
इस अवसर पर विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और संवेदनशीलता के साथ उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
विधायक ने यह भी कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं बल्कि उनका स्थायी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनता दर्शन कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे जिन्होंने लोगों की समस्याओं को संकलित करने में सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में श्रीकांत शर्मा ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि मथुरा–वृंदावन के विकास और जनता की सेवा के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।