अवैध कॉलोनियों पर विकास प्राधिकरण का सख्त रुख : 6 बीघा में बसाया जा रहा अवैध प्रोजेक्ट जमींदोज

चौमुहां (मथुरा)। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जैंत थाना क्षेत्र में करीब 6 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माणकर्ताओं में अफरा-तफरी मच गई।

प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार मौजा अल्लैहपुर में मुकेश सिंघल द्वारा बिना किसी स्वीकृत ले-आउट प्लान के लगभग 5 से 6 बीघा भूमि पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। लोगों को गुमराह कर प्लॉट बेचने के उद्देश्य से कॉलोनाइजर ने अवैध रूप से डामर की सड़कें बनवा दी थीं और सोलर लाइटें भी स्थापित कर दी थीं जिससे कॉलोनी को वैध और पूर्ण विकसित दर्शाया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध निर्माण को लेकर पहले ही वाद दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। निर्माण कार्य रोकने का नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बाद 13 अक्टूबर 2025 को विधिवत ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए गए। निर्माणकर्ता को स्वयं अवैध निर्माण हटाने का अवसर दिया गया, लेकिन आदेश की अवहेलना किए जाने पर प्राधिकरण को कठोर कदम उठाना पड़ा।

उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन. के निर्देश पर प्रवर्तन दल भारी अमले के साथ मौके पर पहुँचा। किसी भी संभावित विरोध को देखते हुए जैंत थाना पुलिस का भारी बल तैनात रहा। प्राधिकरण के बुलडोजरों ने अवैध रूप से बनाई गई सड़कों और अन्य ढांचों को ध्वस्त कर मलबे में तब्दील कर दिया।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति विकसित की जा रही किसी भी कॉलोनी को बख्शा नहीं जाएगा, और आगे भी अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।