मथुरा के विश्राम घाट पर बड़ा हादसा टला, श्रद्धालुओं से भरा ई-रिक्शा यमुना में पलटा
बच्चों समेत कई श्रद्धालु घायल, घाट पर मची चीख-पुकार
मथुरा । शनिवार सुबह मथुरा के विश्राम घाट और बंगाली घाट के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब श्रद्धालुओं से भरा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर यमुना जी में पलट गया। गनीमत रही कि समय रहते वहां मौजूद नाविकों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा में चार श्रद्धालु और उनके तीन बच्चे सवार थे। सभी श्रद्धालु सुबह करीब 7 बजे यमुना महारानी की आरती कर विश्राम घाट से लौट रहे थे। इसी दौरान ई-रिक्शा को बैक करते वक्त फिसलन हुई और वह सीधे घाट से यमुना जी में जा गिरा। हादसे में कई श्रद्धालु और बच्चे चोटिल हो गए लेकिन सभी की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी चरम पर है। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना आम बात हो गई है, जिससे ई-रिक्शे अक्सर अनियंत्रित हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि “यहां ऐसी घटनाएं रोज देखने को मिलती हैं, लेकिन शासन-प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है। आज श्रद्धालु बाल-बाल बचे हैं, अगर मौके पर लोग मौजूद न होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। घायल श्रद्धालुओं ने खुद ही निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। इस घटना के बाद क्षेत्र के स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला है और घाट क्षेत्र में ई-रिक्शा संचालन पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।