मथुरा में डग्गेमार बसों का आतंक, रोडवेज का रंग चुराकर सरकार को लगाया जा रहा चूना

मथुरा। महानगर में अवैध रूप से संचालित डग्गेमार बसों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोडवेज की बसों के सरकारी कलर की नकल कर निजी बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं और खुलेआम सरकार के राजस्व को चूना लगाया जा रहा है। इस गंभीर मामले को लेकर आज रोडवेज कर्मचारी संघ ने भूतेश्वर बस स्टैंड पर जमकर आक्रोश जताया और आरटीओ विभाग व पुलिस पर साठगांठ के गंभीर आरोप लगाए।

रोडवेज कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष श्यामवीर सिंह ने बताया कि भूतेश्वर बस स्टैंड के सामने मॉल गोदाम रोड पर डग्गेमार बसों का बोलबाला है। इन बसों ने रोडवेज की बसों का रंग तक चोरी कर लिया है, जिससे आम यात्रियों को यह फर्क ही समझ में नहीं आता कि बस सरकारी है या प्राइवेट। नतीजतन सरकारी रोडवेज बसों को सवारियां नहीं मिलतीं और विभाग को हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आरोप लगाया कि यह सब कुछ आरटीओ विभाग और स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस महीनेदारी लेकर आंखें मूंदे बैठी है और आरटीओ की चुप्पी इस पूरे खेल पर सवाल खड़े करती है। इसी के विरोध में रोडवेज कर्मचारी संघ के कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए आरटीओ और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डग्गेमार बसों पर कार्रवाई नहीं की गई और व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अब बड़ा सवाल यह है कि भूतेश्वर बस स्टैंड और मॉल गोदाम रोड पर पुलिस व आरटीओ की नाक के नीचे चल रहा यह अवैध खेल यूं ही जारी रहेगा या फिर शासन-प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई करेगा।