योगी से मुलाकात में पूर्व विधायक अहेरिया ने बहेलिया–पासी समाज के जाति प्रमाण पत्रों का उठाया गंभीर मुद्दा

मथुरा। गोवर्धन क्षेत्र के पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित कालिदास मार्ग आवास पर शिष्टाचार भेंट के दौरान बहेलिया–पासी समाज के जाति प्रमाण पत्रों का गंभीर मुद्दा उठाया।

मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बहेलिया एवं पासी समाज के पात्र लोगों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत न किए जाने का गंभीर और संवेदनशील मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में जारी शासनादेश के बावजूद कई जिलों में अधिकारियों की मनमानी के चलते समाज के लोगों को आज तक प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहे हैं।

पूर्व विधायक ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र न मिलने के कारण बहेलिया–पासी समाज के लोग सरकारी योजनाओं, आरक्षण और जनकल्याणकारी सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं, जो सामाजिक न्याय के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से शासनादेश के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।

इस अवसर पर पूर्व जिला महामंत्री संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री से संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की। भेंट के दौरान जिला मंत्री रवि अहेरिया एवं युवा मोर्चा के पूर्व ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष सुधांशु खंडेलवाल भी मौजूद रहे।