नीरज श्रीवास्तव ने संभाला मथुरा में सहायक उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा का कार्यभार

​मथुरा। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद से स्थानांतरित होकर आए नीरज श्रीवास्तव ने मथुरा में सहायक उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके आगमन से विभाग में रिक्त चल रहे महत्वपूर्ण पदों की कमी दूर हुई है।

​नवनियुक्त सहायक उप नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव का करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। वह इससे पूर्व गाजियाबाद और मेरठ जैसे महत्वपूर्ण जनपदों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पुलिस महानिदेशक पदक एवं राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

​पदभार ग्रहण करने के बाद श्रीवास्तव ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन को पहले से अधिक सशक्त और सक्रिय बनाया जाएगा। जनपद के स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक इकाइयों में बड़े पैमाने पर नागरिक सुरक्षा का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा ताकि आपदा और आपातकालीन स्थितियों के लिए नागरिकों को तैयार किया जा सके।

नागरिक सुरक्षा संगठन के सीनियर स्टाफ ऑफिसर दीपक चतुर्वेदी ‘बैंकर’ ने बताया कि नए अधिकारी की नियुक्ति से संगठन के कार्यों में तेजी आएगी।