चार ग्रहों की युति में सन् 2026 का होगा शुभारंभ , दुनिया में भारी उथल-पुथल व दैवीय आपदाओं का रहेगा प्रभाव

आगामी नववर्ष सन् 2026 के वर्षफल को लेकर दीपक ज्योतिष भागवत संस्थान  के निदेशक ज्योतिषाचार्य पंडित कामेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि चार ग्रहों की युति में सन् 2026 का शुभारंभ होगा जिसमें ज्योतिष शास्त्र के अनुसार सूर्य, मंगल,बुध,शुक्र चार ग्रहों को साथ लेकर चतुर्ग्रही योग बनाकर धनु लग्न में सूर्योदय होगा। उन्होंने कहा यह वर्ष देश दुनिया के लिए अत्यन्त उथल-पुथल व भारी आपदाओं से युक्त रहेगा।
गोष्ठी में आचार्य ब्रजेन्द्र नागर ने कहा कि सन् 2026 ग्रहों के विशेष प्रभाव के कारण उतार चढ़ाव भरा वर्ष रहेगा जिसमें राजनैतिक उथल-पुथल एवं भयंकर महंगाई से जनता त्रस्त होगी। आगामी वर्ष में चार ग्रहण होंगे परन्तु भारत में दिखाई नहीं देंगे लेकिन उनका प्रभाव अवश्य होगा।
साहित्याचर्य शरद चतुर्वेदी एवं ज्योतिषाचार्य पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि 26 जुलाई से 10 दिसम्बर 2026 तक देश दुनिया के लिए नाजुक समय रहेगा शनि ग्रह उल्टी चाल से चलेगा जिसके कारण अनेक देशों में भूकंप एवं भूस्खलन जैसी आपदाएं आएंगी। ज्योतिषाचार्य पंडित दीपक चतुर्वेदी एवं सौरभ शास्त्री ने बताया कि नए वर्ष का प्रवेश उच्च राशि के चन्द्रमा में हो रहा है और शुभ नाम का योग भी रहेगा जिससे पृथ्वी पर हरियाली व खुशहाली रहेगी।
ऋषभ देव, गोविंद देव, मनोज मनीष पाठक निरंजन शास्त्री आदि ने सभी धर्मानुरागियों से आग्रह किया है कि विश्व-कल्याण की कामना करते हुए सार्वजनिक स्थलों व अपने परिवार में अधिक से अधिक धार्मिक अनुष्ठान, हनुमान चालीसा, सुन्दरकाण्ड पाठ,रुद्राभिषेक, हवन पूजन, आदि करें जिससे देश दुनिया में होने वाले दैवीय आपदाओं का प्रभाव कम हो सके।
वक्ताओं ने राशि फल पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आगामी वर्ष 2026 में मेष, सिंह,धनु,कुंभ,मीन राशि वालों के लिए शनि का प्रभाव रहेगा जिसके कारण मानसिक तनाव तथा बनते कार्यों में अवरोध पैदा होंगे।वृषभ, मिथुन, कर्क, कन्या,तुला राशि के लिए शुभ रहेगा। दम्पति स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। वृश्चिक एवं मकर राशि वालों के रुके हुए कार्यों में सफलता मिलेगी और नए लोगों से सम्पर्क बनेंगे।
ग्रह शांति के लिए गायों को हरा चारा, गुड़, और जलचरों, पक्षियों को दाना डालें। जिससे परिवार में सुख शांति बनी रहेगी।
गोष्ठी के समापन पर सभी को नववर्ष 2026पर शुभकामनाएं दी गई।