मथुरा-वृंदावन होगा कचरा मुक्त , 50 इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहनों को महापौर ने हरी झंडी दिखाई

​मथुरा । नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने शहर की स्वच्छता प्रणाली को हाई-टेक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए सोमवार को औरंगाबाद जोन के वार्ड संख्या 28 (डिफेंस कॉलोनी) में आयोजित कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल ने 50 नए इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि ये वाहन न केवल कचरा उठाएंगे, बल्कि शून्य उत्सर्जन के कारण शहर की वायु गुणवत्ता सुधारने में भी मदद करेंगे। उन्होंने कहा, “यह पहल मथुरा-वृंदावन को ‘स्वच्छ, हरित और स्वस्थ’ बनाने के हमारे संकल्प का हिस्सा है।”

वाहनों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए डिफेंस कॉलोनी में एक समर्पित इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया। इससे बैटरी चालित वाहनों को चार्ज करने में लगने वाले समय की बचत होगी और निगम की कार्यक्षमता बढ़ेगी। कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह और अनिल कुमार, सहायक नगर आयुक्त कल्पना सिंह चौहान, तथा नेचर ग्रीन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिलाष सांगवान उपस्थित रहे।