मथुरा। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के सुप्रसिद्ध ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में गुरुवार को वैशाख मास, कृष्ण पक्ष की सप्तमी के अवसर पर ठाकुर जी का भव्य ‘फूल बंगला’ सजाया गया। इस दौरान राजाधिराज ठाकुर द्वारकाधीश ने फूलों से सजे दिव्य बंगले में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए, जिसे देखकर भक्त भाव-विभोर हो उठे।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि यह विशेष मनोरथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनंत अंबानी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। मंदिर के गोस्वामी श्री 108 डॉ. वागीश कुमार जी महाराज की आज्ञा से आयोजित इस कार्यक्रम में महाराज श्री ने अनंत अंबानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही अंबानी परिवार की ठाकुर जी के प्रति अटूट श्रद्धा की सराहना की।
इस अवसर पर मंदिर को विभिन्न स्थानों से मंगाए गए उत्तम श्रेणी के पुष्पों से आकर्षक रूप से सजाया गया। कुशल कारीगरों द्वारा तैयार किए गए इस फूल बंगले की भव्यता और सौंदर्य ने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
अनंत अंबानी के प्रतिनिधि के रूप में मुंबई से आए बल्लभ चतुर्वेदी ने मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी के दर्शन किए और अनंत अंबानी के लिए दीर्घायु की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से उनका दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
मीडिया प्रभारी ने कहा कि भले ही अनंत अंबानी अपना जन्मदिन कहीं भी मनाएं लेकिन ठाकुर द्वारकाधीश के प्रति उनका और उनके परिवार का समर्पण अत्यंत सराहनीय है। मंदिर परिवार ने उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मंगलकामना की कि वे शीघ्र ही स्वयं मंदिर आकर दर्शन करें और अन्य भाव-मनोरथ पूर्ण करें।
इस दौरान सहदेव कृष्ण चतुर्वेदी, अधिकारी वैद्य अशोक कुमार शर्मा, सहायक अधिकारी सत्यनारायण शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.